CG Bilaspur Crime News: बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत लमेर घाट में अवैध रेत खनन को लेकर रेत माफियाओं के दो गुटों के बीच वर्चस्व की जंग ने हिंसक रूप ले लिया। घाट पर कब्जे को लेकर हुए विवाद में गोलियां चल गईं, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान गिरजाशंकर उर्फ दीपक यादव के रूप में हुई है, जो ग्राम लमेर का रहने वाला है। उसे बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
वर्चस्व की लड़ाई में चली गोली, युवक घायल
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना उस समय हुई जब रेत घाट पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि एक गुट ने फायरिंग कर दी। गोली गिरजाशंकर यादव के पैर में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद छबि यादव ने घायल को अस्पताल पहुंचाया।
Read Also- सीएम साय ने एक्स पर लिखा- हर हर महादेव, दीपक बैज बोले- आतंक के खिलाफ मुंह तोड़ जवाब, गृहमंत्री शर्मा ने भी कही ये बात
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस, मामले की जांच जारी
CG Bilaspur Crime News: घटना की जानकारी मिलते ही कोटा थाना प्रभारी राज सिंह व SDOP नुपूर उपाध्याय मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। घायल से पूछताछ की गई, जिसमें उसने एक चौंकाने वाला बयान दिया। गिरजाशंकर ने दावा किया कि उसे जंगल में एक पिस्टल मिली थी, जिसे कॉक करते समय वह गलती से चल गई और गोली उसके पैर में लग गई।
पुलिस को घायल के बयान पर संदेह, गिरोह की जांच में जुटी टीम
CG Bilaspur Crime News: हालांकि, पुलिस को युवक के बयान पर भरोसा नहीं हो रहा है। SDOP नुपूर उपाध्याय ने बताया कि गिरजाशंकर के बयान और घटनास्थल की परिस्थितियों में मेल नहीं है। युवक जंगल में क्यों गया, उसे पिस्टल कहां से मिली, और वह वहां क्या कर रहा था, इन सभी सवालों के जवाब तलाशने के लिए पुलिस गहराई से जांच कर रही है।
Read Also- पीएम आवास योजना में रिश्वत का खेल: जियो टैगिंग के नाम पर 25 हजार की मांग, रोजगार सहायिका और आवास मित्र बर्खास्त
CG Bilaspur Crime News: पुलिस को संदेह है कि यह घटना अवैध रेत कारोबार से जुड़े संगठित गिरोह के आपसी संघर्ष का परिणाम है। जांच में दीपक रजक नामक व्यक्ति का नाम सामने आया है, जो कि घुटकू समिति के अध्यक्ष का भाई बताया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है और सभी संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
सख्त कार्रवाई का भरोसा
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रेत माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इलाके में रेत माफियाओं की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।




