कवर्धा। जिले के पांडातराई नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 10 के कांग्रेस पार्षद प्रदीप जायसवाल पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगे हैं। स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि पार्षद ने सरकारी योजना का दुरुपयोग करते हुए अपनी पत्नी सरिता जायसवाल के नाम पर अवैध रूप से आवास मंजूर कराया और सरकारी राशि का दुरुपयोग किया।
शिकायतकर्ताओं में सागर कोरी, पुष्पेंद्र पटेल और जसबीर सलूजा समेत अन्य स्थानीय नागरिकों ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए कलेक्टर गोपाल वर्मा को ज्ञापन सौंपा है और पार्षद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Read Also- छत्तीसगढ़ में 5वीं-8वीं पास युवाओं के लिए सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका, इतने पदों पर होगी सीधी भर्ती, जानिए पूरी प्रक्रिया
आदिवासी की जमीन पर कराया निर्माण
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पार्षद प्रदीप जायसवाल ने वार्ड क्रमांक 4 में स्थित एक गरीब आदिवासी परिवार चंदूलाल और सुंदरबाई की कृषि भूमि को आपसी बिक्री का हवाला देकर हड़प लिया। आरोप है कि इस जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास का निर्माण अपनी पत्नी के नाम पर करा लिया गया, जिससे वास्तविक हितग्राही अपने अधिकार से वंचित रह गया।
Read Also- दुर्ग में उप सरपंच के साथ मारपीट, तीन आरोपियों पर मामला दर्ज
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि पार्षद ने अपने पद और राजनीतिक प्रभाव का दुरुपयोग करते हुए न केवल सरकारी योजना में हेराफेरी की, बल्कि इससे सरकारी खजाने को लाखों रुपये का नुकसान भी पहुंचाया। इतना ही नहीं, शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया है कि उक्त आवास का उपयोग शराब सेवन और चखना सेंटर के रूप में किया जा रहा है, जो सरकारी योजना की गरिमा को गहरी ठेस पहुंचाने वाला है।
Read Also- बंदूक की राह नहीं, विकास की राह ही भविष्य का सही विकल्प – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग
इस गंभीर मामले को लेकर क्षेत्र में रोष व्याप्त है। शिकायतकर्ताओं ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की ऐसी अनियमितताओं पर अंकुश लगाया जा सके।






