चेन्नई। तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले के पास आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब डीजल ले जा रही एक मालगाड़ी में भीषण आग लग गई। हादसा इतना गंभीर था कि आग की लपटें आसमान तक पहुंच गईं और दूर-दूर तक काला धुआं दिखाई देने लगा। आग की चपेट में मालगाड़ी के चार डिब्बे आ गए, जिससे रेलवे ट्रैफिक पर व्यापक असर पड़ा है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह मालगाड़ी मनाली से तिरुपति जा रही थी और उसमें डीजल से भरे टैंकर लदे हुए थे। आग लगने के बाद ट्रेन को तत्काल रोक दिया गया और बाकी डिब्बों को आग लगे डिब्बों से अलग कर दिया गया।
Read Also- राष्ट्रपति ने राज्यसभा के लिए किए चार नामित सदस्य नियुक्त, कसाब को फांसी दिलाने वाले उज्ज्वल निकम भी शामिल
दमकलकर्मी मौके पर तैनात
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। घटना के कारण चेन्नई से आने-जाने वाली ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
ट्रेन सेवाओं पर असर, कई ट्रेनें रद्द
दक्षिण रेलवे ने इस हादसे को देखते हुए अलर्ट जारी किया है और ओवरहेड बिजली आपूर्ति को एहतियातन बंद कर दिया गया है। इसके चलते आज चेन्नई सेंट्रल से चलने वाली कई प्रमुख ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इनमें शामिल हैं:
- ट्रेन संख्या 20607: चेन्नई सेंट्रल – मैसूर वंदे भारत एक्सप्रेस
- ट्रेन संख्या 12007: चेन्नई सेंट्रल – मैसूर शताब्दी एक्सप्रेस
- ट्रेन संख्या 12675: चेन्नई सेंट्रल – कोयंबटूर कोवई सुपरफास्ट एक्सप्रेस
- ट्रेन संख्या 12243: चेन्नई सेंट्रल – कोयंबटूर शताब्दी एक्सप्रेस
- ट्रेन संख्या 16057: चेन्नई सेंट्रल – तिरुपति सप्तगिरि एक्सप्रेस
- ट्रेन संख्या 22625: चेन्नई सेंट्रल – बेंगलुरु डबल डेकर एक्सप्रेस
- ट्रेन संख्या 12639: चेन्नई सेंट्रल – बेंगलुरु वृंदावन सुपरफास्ट एक्सप्रेस
- ट्रेन संख्या 16003: चेन्नई सेंट्रल – नागरसोल एक्सप्रेस
Read Also- बलरामपुर धर्मांतरण मामला : छांगुर बाबा की गिरफ्तारी के बाद सीएम योगी का बड़ा बयान
जांच के आदेश
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। रेलवे और दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और राहत व बचाव कार्य तेजी से चल रहा है।




