KHABARWAAD BILASPUR. जिले में आचार संहिता लागू होने के जिला प्रशासन की सख्ती के बाद नगर निगम भी एक्शन मोड में आ गया है। आचार संहिता के बीच कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रभारी और AICC महासचिव सचिन पायलट के स्वागत में बिजली खंभों पर बैनर-पोस्टर लगा दिया गया, जिसे आचार संहिता उल्लंघन मानकर नगर निगम ने बैनर पोस्टर लगाने वाले कांग्रेस नेता महेंद्र गंगोत्री के खिलाफ पुलिस में केस दर्ज कराया है। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है।
बीते गुरुवार से प्रदेश प्रभारी व एआईसीसी महासचिव छत्तीसगढ़ के दौरे पर थे। इस दौरान जांजगीर-चांपा में नेताओं की मीटिंग के बाद गुरुवार की रात बिलासपुर में रहे। फिर यहां भी नेताओं से मुलाकात की। उनके प्रवास के दौरान स्वागत में कांग्रेस नेताओं ने जगह-जगह बैनर-पोस्टर भी लगाया था।

बिजली खंभों पर बैनर पोस्टर, नगर निगम ने कराया FIR
उनके स्वागत में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव महेंद्र गंगोत्री ने लालखदान-तोरवा ओवर ब्रिज से लेकर जगह-जगह बैनर-पोस्टर लगाया था। बीच सड़क और नगर निगम के बिजली खंभों में पोस्टर व होडिंग्स को हटाने की कार्रवाई की गई। साथ ही इसे आचार संहिता उल्लंघन का मामला बताते हुए नगर निगम ने थाने में केस दर्ज कराया है। जिस पर पुलिस ने संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
जोन कमिश्नर ने थाने में की शिकायत
जोन कमिश्नर प्रमोद दुबे ने बताया कि सार्वजनिक जगहों पर बिना अनुमति के राजनीतिक पार्टी का बैनर-पोस्टर व होर्डिंग्स लगाना आचार संहिता उल्लंघन के दायरे में आता है। लिहाजा, संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए संबंधित कांग्रेस नेता के खिलाफ थाने में केस दर्ज कराया गया है।




