रायपुर। राजधानी रायपुर की पुलिस ने सूदखोरी, रंगदारी और अवैध हथियार रखने के मामलों में फरार चल रहे कुख्यात हिस्ट्रीशीटर वीरेंद्र तोमर को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने ग्वालियर (मध्य प्रदेश) में सटीक मुखबिरी और घेराबंदी कर इस शातिर बदमाश को पकड़ने में सफलता हासिल की।
शनिवार को रायपुर पुलिस टीम आरोपी तोमर को लेकर रायपुर पहुंची। यहां उसे सिविल लाइन थाना से पुरानी बस्ती थाना लाया गया, जहां से भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मठपारा क्षेत्र में जुलूस निकाला गया।
Read Also- सूदखोर रूबी तोमर 151 दिन बाद ग्वालियर से गिरफ्तार, 40 करोड़ की संपत्ति जब्त
इस दौरान वीरेंद्र तोमर की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे संभाला और गाड़ी में बैठाकर वहां से रवाना किया।
बताया जा रहा है कि वीरेंद्र तोमर पर रायपुर समेत कई जिलों में सूदखोरी, रंगदारी व अवैध हथियार के गंभीर मामले दर्ज हैं। लंबे समय से फरार चल रहे इस आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।




