गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में राज्य स्तर की टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। हत्या का आरोप राधिका के पिता पर है, जिन्होंने बेटी को तीन गोलियां मार दी थीं। अब इस मामले को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। एक ओर कहा जा रहा है कि पिता समाज के तानों से परेशान थे, वहीं दूसरी ओर राधिका के एक कथित अफेयर को भी हत्या की एक वजह बताया जा रहा है।
साय सरकार की कैबिनेट बैठक में लिए गए ऐतिहासिक निर्णय, युवाओं, किसानों, व्यापारियों को मिलेगा लाभ
राधिका ने हाल ही में एक वीडियो एल्बम शूट कराया था, जिसमें उनके साथ एक्टर इनाम-उल-हक ने काम किया था। इस एल्बम के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों के बीच नजदीकियां थीं, जिससे राधिका के पिता नाराज थे। इसी के चलते हत्या को अंजाम देने की आशंका भी जताई जा रही है।
हालांकि इन सभी दावों को इनाम-उल-हक की मैनेजर कल्पना आर्य ने सिरे से खारिज कर दिया है। इंडिया टीवी से बातचीत में कल्पना आर्य ने कहा कि राधिका और इनाम-उल-हक के बीच किसी भी तरह का अफेयर नहीं था। उन्होंने बताया कि यह वीडियो एल्बम पिछले साल गर्मियों में शूट हुआ था और दोनों के बीच सिर्फ औपचारिक ‘हाय-हैलो’ जैसी बात हुई थी।
कल्पना ने कहा, “इनाम उन कलाकारों में से हैं जो अपने काम से काम रखते हैं। उनका किसी अफेयर या विवाद से कोई लेना-देना नहीं है। अगर अफेयर जैसी बात होती तो हमें शूटिंग के दौरान जरूर कुछ महसूस होता, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ।”
राधिका के पिता के विरोध को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा, “हमने राधिका को बहुत सहज और खुशमिजाज पाया। न तो उसकी बॉडी लैंग्वेज से और न ही किसी व्यवहार से ऐसा लगा कि वह किसी तनाव में थी या किसी दबाव में आई हो।”
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हर ऐंगल को ध्यान में रखते हुए पूछताछ कर रही है। हत्या के पीछे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगी।




