बालोद। जिले के देवरीद गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 28 वर्षीय तामेश्वरी साहू के रूप में हुई है, जिसकी लाश उसके मायके स्थित घर के एक कमरे में फांसी पर लटकी मिली।
मिली जानकारी के अनुसार, तामेश्वरी की शादी महज चार महीने पहले हुई थी और वह करीब 14 दिन पहले ही अपने मायके आई थी। मंगलवार को परिजनों ने उसे फांसी पर लटका पाया। हालांकि परिजनों का दावा है कि तामेश्वरी की आंख के पास चोट और खून के निशान भी मिले हैं।
घटना की सूचना मिलते ही अर्जुंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मामले की गहनता से जांच की जा रही है और मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।




