सूरज मानिकपुरी
कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने शहर के नवीन बाजार स्थित यादव बर्तन दुकान में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने चंद दिनों में पर्दाफाश कर दिया। इस सनसनीखेज़ चोरी कांड में शामिल दो शातिर चोरों और चोरी का माल खरीदने वाले रिसीवर को पुलिस ने धर दबोचा है। वहीं चोरी गया पूरा माल भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया है।
मामला 17 अगस्त की रात का है, जब अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाशों ने दुकान का शटर तोड़ दिया और लगभग 54 हज़ार रुपये का माल पार कर ले गए। इस घटना से व्यापारियों में दहशत और आक्रोश दोनों व्याप्त हो गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने तेजी से जांच शुरू की और तकनीकी व मुखबिर सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी निलेश योगी और उसके साथी शिवा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी का जुर्म कबूलते हुए बताया कि माल को उन्होंने करीम बेग नामक व्यक्ति को बेचा था। पुलिस ने तत्काल दबिश देकर करीम बेग को भी गिरफ्तार कर लिया और चोरी गया संपूर्ण सामान बरामद कर लिया।




