गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद-धमतरी-नुआपाड़ा डिवीजन में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। यहां सक्रिय तीन नक्सलियों नागेश, जैनी और मनीला ने पुलिस के सामने हथियार डालकर आत्मसमर्पण कर दिया। इस दौरान नागेश ने देशी हथियार के साथ सरेंडर किया।
तीनों नक्सलियों पर 1-1 लाख रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ये सभी पिछले 5 से 8 सालों से नक्सल गतिविधियों में शामिल थे और कई बड़ी माओवादी वारदातों में सक्रिय रहे। ये तीनों बड़े माओवादी नेताओं के करीबी सहयोगी रहे हैं।
Read Also- छत्तीसगढ़ के इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना, अलर्ट जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों ने सरकार की समर्पण और पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर हथियार डालने का फैसला किया। इस अभियान के चलते इलाके में सक्रिय नक्सलियों की संख्या घटकर सिर्फ 30 रह गई है।
गरियाबंद एसपी निखिल राखेचा ने इसे नक्सल उन्मूलन के प्रयास में एक अहम उपलब्धि बताते हुए कहा, “यह आत्मसमर्पण क्षेत्र में शांति स्थापना की दिशा में एक नई उम्मीद जगाता है।”




