गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिला अस्पताल में प्रसव के दौरान ऑपरेशन थिएटर का निजी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के उजागर होते ही स्वास्थ्य विभाग और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, कोरबा जिले से प्रसव के लिए आई एक आदिवासी महिला का ऑपरेशन थिएटर में प्रसव हुआ। इसी दौरान का वीडियो किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। मामला सामने आते ही पीड़ित महिला के पति ने गौरेला थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Read Also- अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल कर CAF जवान ने महिला की अस्मिता लूटी, पहुंचा सलाखों के पीछे
स्वास्थ्य विभाग के सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. देवेंद्र सिंह पैकरा ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि वायरल वीडियो जिला अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर का ही है। उन्होंने इसे अत्यंत गंभीर मामला बताते हुए कहा कि जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ओम चंदेल ने बताया कि, पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह बेहद गंभीर प्रकरण है और पुलिस दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ जल्द ही कार्रवाई करेगी।




