दुर्ग। भारतीय वायुसेना में तैनात दुर्ग के कैलाश नगर निवासी प्रिंसराज यादव की उत्तराखंड की एक नदी में डूबने से मौत हो गई। इस दुखद घटना की खबर मिलते ही परिवार समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार, प्रिंसराज का पार्थिव शरीर आज रात तक हवाई मार्ग से रायपुर पहुंचेगा, जिसके बाद उसे दुर्ग लाया जाएगा।
प्रिंसराज यादव की उम्र मात्र 25 वर्ष थी। वे 15 जून को छुट्टी लेकर अपने घर दुर्ग आए थे और 27 जून को ड्यूटी पर वापस लौटे थे। उनका चयन एयरफोर्स की स्पेशल विंग ‘गरुड़ कमांडो’ के लिए हुआ था और उन्हें 7 जुलाई से विशेष प्रशिक्षण में शामिल होना था। दो वर्ष पहले उनकी नियुक्ति पठानकोट (पंजाब) स्थित एयरफोर्स स्टेशन में हुई थी।
Read Also- होटल कारोबारी से 50 लाख की अवैध वसूली: सूदखोर रोहित तोमर की कॉल रिकॉर्डिंग आई सामने, गालियां देकर दी जान से मारने की धमकी
छुट्टी समाप्त होने से पूर्व, वे दिल्ली से अपने अन्य साथियों के साथ उत्तराखंड के नैनीताल घूमने गए थे। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को नैनीताल के पास परिताल से लगभग 2 किमी पहले मुसाताल के पास कलसा नदी में नहाते समय प्रिंसराज और उनके साथी साहिल कुमार तेज बहाव में बह गए। दोनों ही भारतीय वायुसेना के जवान थे।
बताया जा रहा है कि एयरफोर्स के चार जवान नैनीताल घूमने आए थे। मुसाताल के पास सभी नदी किनारे रुके थे, जहां दो जवान नदी में नहाने के लिए उतरे। इस दौरान भारी बारिश के कारण नदी का जलस्तर और बहाव अत्यंत तेज हो गया और दोनों जवान उसमें बह गए।
Read Also- भाजपा का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर मैनपाट में, प्रशासन- संगठन ने झोंकी पूरी ताकत
सूचना मिलते ही एसडीएम धारी के.एन. गोस्वामी, मुक्तेश्वर थाना प्रभारी जगदीप सिंह नेगी, भीमताल पुलिस व आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। मुक्तेश्वर और भीमताल पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें दोनों जवानों के शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं।




