बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति इन दिनों सनसनीखेज खुलासे से हिल गई है। बिलासपुर जिले में राजनीतिक वर्चस्व और जमीन के कारोबार की रंजिश ने हत्या की साजिश का रूप ले लिया। मस्तूरी जनपद उपाध्यक्ष और कांग्रेस नेता नीतेश सिंह की हत्या की प्लानिंग का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में कांग्रेस नेता अकबर खान को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तारकेश्वर पाटले और नागेंद्र राय अब भी फरार हैं।
गोलीबारी से मचा हड़कंप, बाल-बाल बचे कांग्रेस नेता
घटना 28 अक्टूबर की देर शाम की है। मस्तूरी जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह अपने कार्यालय में बैठे थे, तभी अचानक नकाबपोश हमलावरों ने धावा बोल दिया और अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। गोलियों की बौछार में पूर्व सरपंच चंद्रकांत सिंह और उनके रिश्तेदार राजकुमार सिंह उर्फ राजू सिंह गंभीर रूप से घायल हुए।
एक गोली नीतेश सिंह की पीठ को छूते हुए निकल गई। मौके की नजाकत को भांपते हुए नीतेश ने अपने लाइसेंसी पिस्टल से जवाबी फायरिंग की, जिससे शूटरों को भागना पड़ा। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया।
Read Also- छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर पीएम मोदी ने किया देश के पहले डिजिटल ट्राइबल म्यूज़ियम का लोकार्पण
पुलिस की त्वरित कार्रवाई: 24 घंटे में मास्टरमाइंड समेत शूटर्स गिरफ्तार
वारदात के बाद पुलिस ने बारीकी से जांच करते हुए सिर्फ 24 घंटे के भीतर गोलीकांड के मास्टरमाइंड विश्वजीत अनंत, उसके भाई और तीन शूटरों को धर दबोचा। पूछताछ में ऐसे कई राज खुले, जिनसे राजनीति, कारोबार और अपराध का संगम उजागर हो गया।
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि हमले से ठीक पहले विश्वजीत अनंत की मुलाकात कांग्रेस नेता अकबर खान से श्रीकांत वर्मा मार्ग पर हुई थी। पुलिस ने इस मीटिंग का सीसीटीवी फुटेज भी जब्त कर लिया है।
जमीन और राजनीति का घातक गठजोड़
पुलिस जांच में सामने आया कि अकबर खान अपने करीबी विश्वजीत अनंत के साथ मिलकर मस्तूरी क्षेत्र में जमीन का कारोबार करता था। इस धंधे में जनपद उपाध्यक्ष नीतेश सिंह के बढ़ते प्रभाव से असंतुष्ट होकर दोनों के बीच मतभेद गहराते चले गए।
इसी रंजिश ने हत्या की साजिश को जन्म दिया। जांच में खुलासा हुआ कि इस साजिश में कांग्रेस नेता तारकेश्वर पाटले और नागेंद्र राय भी शामिल थे।
तारकेश्वर पाटले ने शूटरों को देने के लिए एक लाख रुपये की सुपारी उपलब्ध कराई, जबकि नागेंद्र राय ने पूरी योजना बनाने में अहम भूमिका निभाई।
हथियारों का जखीरा बरामद, यूपी कनेक्शन की जांच
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने पांच पिस्टल और एक कट्टा बरामद किया है। हथियारों को आरोपियों ने हाईवे किनारे छिपाकर रखा था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मास्टरमाइंड विश्वजीत अनंत के उत्तर प्रदेश के मवेशी तस्करों से पुराने संबंध रहे हैं, जिनके जरिए उसने हथियार मंगवाए थे। पुलिस अब उस नेटवर्क की भी तहकीकात कर रही है, जिसके माध्यम से ये हथियार छत्तीसगढ़ लाए गए।
Read Also- छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने किया नए विधानसभा भवन का लोकार्पण
फरार नेताओं की तलाश में छापेमारी
फिलहाल कांग्रेस नेता तारकेश्वर पाटले और नागेंद्र राय फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस दोनों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा, हत्या की साजिश में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है, चाहे वह राजनीतिक हो या कारोबारी।
जांच जारी, और बड़े खुलासों की उम्मीद
पुलिस का कहना है कि यह मामला केवल आपसी रंजिश नहीं, बल्कि राजनीति, पैसा और जमीन के गठजोड़ का संगठित नेटवर्क है। आने वाले दिनों में इस साजिश से जुड़े और भी नाम सामने आ सकते हैं।




