रायपुर। राजधानी रायपुर में हाल ही में मिले सूटकेस में शव मिलने के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक चौंकाने वाली साजिश का पर्दाफाश किया है। प्रॉपर्टी और पैसों के लालच में एक वकील दंपती ने न केवल अपने पुराने क्लाइंट की हत्या की, बल्कि उसे ठिकाने लगाने के लिए फिल्मी अंदाज में योजना बनाकर क्राइम को अंजाम दिया।
Read Also- भिलाई के इंडस्ट्रियल एरिया में फैक्ट्री में भीषण आग, दमकल की 3 गाड़ियों ने पाया काबू
रायपुर के एसएसपी लाल उमेद सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी अंकित उपाध्याय (31 वर्ष) और उसकी पत्नी शिवानी शर्मा (24 वर्ष) हैं, जो पेशे से वकील हैं। दोनों ने संपत्ति हड़पने की नीयत से 58 वर्षीय किशोर पैकरा की गला दबाकर निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में दो अन्य सहयोगियों, विनय यदु और सूर्यकांत यदु को भी गिरफ्तार किया है। चारों आरोपी अब पुलिस हिरासत में हैं और अपना जुर्म कबूल कर चुके हैं।
ऐसे दी गई हत्या को अंजाम
हत्या की घटना 13 जून की बताई जा रही है। आरोपी दंपती ने पहले किशोर पैकरा को नाश्ते में पोहा खिलाया। जब वह आराम करने के लिए लेटा, तब अंकित ने उसकी छाती पर बैठकर गला दबा दिया, जबकि उसकी पत्नी शिवानी ने पैरों को पकड़े रखा। जब दोनों को यकीन नहीं हुआ कि किशोर की मौत हो चुकी है, तो गले पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी गई।
Read Also- गरियाबंद में शिक्षकों की विधवाओं से पेंशन के बदले रिश्वत लेने के मामले में कार्रवाई, दो लिपिक निलंबित
इसके बाद शव को लाल रंग के सूटकेस में भरकर, हाथ-पैर बांध दिए गए। दुर्गंध को छुपाने के लिए सुगंधित स्प्रे का छिड़काव किया गया। फिर गोलबाजार से एक टीन की पेटी खरीदी गई और उसमें सूटकेस को भरकर कॉलोनी की लिफ्ट से नीचे लाकर कार में रखा गया। बाद में शव को रायपुर के वंडरलैंड क्षेत्र के एक सुनसान इलाके में फेंक दिया गया। हत्या में प्रयुक्त चाकू और तौलिया को भाठागांव के पास नाले में फेंका गया, जिसे पुलिस जल्द ही बरामद करने का दावा कर रही है।
हत्या के पीछे की वजह: प्रॉपर्टी और धोखाधड़ी
मृतक किशोर पैकरा, हांडीपारा का निवासी था और आरोपी वकील अंकित उपाध्याय का पुराना क्लाइंट था। वर्ष 2015-16 में किशोर ने आजाद चौक स्थित अपना मकान 50 लाख रुपये में चंद्रप्रकाश कुर्रे को बेचा था, लेकिन कब्जा नहीं दिया और कोर्ट में मामला दायर कर दिया। इस केस के सिलसिले में किशोर का संपर्क अंकित से हुआ था।
अंकित ने किशोर को झांसा दिया कि वह कोर्ट से मकान वापस दिला देगा, और इसके बदले में उसने किशोर से अलग-अलग किस्तों में बड़ी रकम वसूल की। इतना ही नहीं, आरोपी ने किशोर के बजरंग नगर स्थित एक अन्य मकान को भी 30 लाख रुपये में बेच दिया और वह रकम जुए-सट्टे में उड़ा दी।
Read Also- चंडी मंदिर चोरी कांड में अहम सुराग, जल्द हो सकता है बड़ा खुलासा
पैसे की वापसी के लिए किशोर लगातार दबाव बना रहा था और आए दिन ताने देता था। इसी से परेशान होकर आरोपी ने पत्नी शिवानी को बताया और दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रच डाली।
गिरफ्तार आरोपी:
- अंकित उपाध्याय (31 वर्ष) – निवासी सत्यम विहार कॉलोनी, रायपुरा थाना, रायपुर।
- शिवानी शर्मा (24 वर्ष) – पत्नी अंकित उपाध्याय, निवासी सत्यम विहार कॉलोनी, रायपुरा थाना, रायपुर।
- विनय यदु (23 वर्ष) – निवासी यादवपारा, रायपुरा थाना, रायपुर।
- सूर्यकांत यदु (21 वर्ष) – निवासी महादेव घाट, रायपुरा थाना, रायपुर।
चारों आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार कर रायपुर लाया गया है। पुलिस का कहना है कि यह मामला एक सुनियोजित आपराधिक षड्यंत्र का उदाहरण है, जिसमें निजी फायदे के लिए इंसानियत को शर्मसार किया गया है। जांच अभी भी जारी है और कुछ और महत्वपूर्ण सबूत जुटाए जा रहे हैं।




