दुर्ग। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई लगातार जारी है। मंगलवार सुबह ईडी की टीम ने दुर्ग जिले के दीपक नगर स्थित प्रमुख होटल व्यवसायी विजय अग्रवाल के बंगले पर छापा मारा। विजय अग्रवाल ‘सागर होटल’ के मालिक हैं और दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के जाने-माने कारोबारी माने जाते हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 6 बजे दो इनोवा गाड़ियों में सवार ईडी अधिकारियों की टीम उनके निवास पर पहुंची। इस दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों को भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात किया गया। ईडी की टीम ने बंगले के भीतर दस्तावेज़ों और डिजिटल रिकॉर्ड की गहन जांच-पड़ताल शुरू की है।
Read Also- छत्तीसगढ़ के उत्तरी इलाकों में भारी बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ी कार्रवाई
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, यह छापेमारी मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े आर्थिक लेन-देन और बेनामी संपत्तियों की जांच के तहत की जा रही है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह कार्रवाई किसी विशेष घोटाले से संबंधित है या नहीं। प्रदेश में चल रही विभिन्न आर्थिक अनियमितताओं की जांच के क्रम में इसे अहम कड़ी माना जा रहा है।
कारोबारी और राजनीतिक हलकों में हलचल
विजय अग्रवाल के घर हुई इस ताजा कार्रवाई के बाद दुर्ग-भिलाई के कारोबारी जगत और राजनीतिक गलियारों में खलबली मच गई है। ईडी ने अब तक इस रेड के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन माना जा रहा है कि यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति, संदिग्ध आर्थिक लेन-देन या किसी पुराने आर्थिक अपराध की जांच से जुड़ी हो सकती है।
Read Also- शराब घोटाले में 23 आबकारी अधिकारियों ने कोर्ट में लगाई अग्रिम जमानत याचिका, 18 जुलाई को सुनवाई
बीते सप्ताह भी हुई थी कई बड़ी कार्रवाइयाँ
इससे पहले 5 जुलाई को रायपुर में सोना तस्करी से जुड़े एक सिंडिकेट पर कार्रवाई करते हुए ईडी ने दो संदिग्ध – सचिन केदार और पुरुषोत्तम कावले की करीब 3.76 करोड़ रुपये की संपत्ति अस्थायी रूप से कुर्क की थी।
वहीं, 4 जुलाई को भिलाई के कारोबारी सौरभ आहूजा के बड़े भाई को रायपुर स्थित ईडी कार्यालय में पूछताछ के लिए बुलाया गया था। ईडी को शक है कि जयपुर में आयोजित एक शादी समारोह की आड़ में सौरभ आहूजा ने अवैध ऑनलाइन सट्टा एप के जरिये गतिविधियाँ संचालित की थीं। फिलहाल ईडी की टीम सौरभ आहूजा की तलाश में जुटी हुई है।




