जांजगीर-चांपा। जिले के नैला में 6 सितंबर की रात खाद व्यापारी से हुई 10 लाख रुपए की लूट का सनसनीखेज खुलासा पुलिस ने कर दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि व्यापारी की दुकान में काम करने वाला नाबालिग ही इस वारदात का मास्टरमाइंड निकला। उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची और व्यापारी को ही निशाना बना डाला।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने प्रेसवार्ता में जानकारी दी कि घटना की रात व्यापारी अरुण अग्रवाल अपनी दुकान बंद कर कलेक्शन की रकम बैग में रखकर घर जा रहे थे। तभी दो नकाबपोश युवकों ने सुनसान गली में स्कूटी रोककर चाकू दिखाया और बैग छीनकर फरार हो गए।
जांच में सामने आया कि व्यापारी की दुकान में काम करने वाला नाबालिग कर्मचारी ही इस लूट का सूत्रधार था। उसने इंस्टाग्राम ग्रुप ‘किंग ऑफ नैला’ के माध्यम से अपने दोस्तों को व्यापारी के घर लौटने की जानकारी दी। इसके बाद विक्की पंडित और मुकेश सूर्यवंशी ने वारदात को अंजाम दिया।
Read Also- अजब-गजब : महिला ने एक साथ चार बच्चों को दिया जन्म
पुलिस की सूझबूझ से हुआ खुलासा
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले के अलग-अलग थानों से 40 पुलिसकर्मियों की टीम बनाई गई। क्राइम सीन रिक्रिएट किया गया और सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। साइबर एक्सपर्ट की मदद से पुलिस को सफलता मिली और महज एक हफ्ते में मामला सुलझा लिया गया।
आरोपियों ने कुल 10 लाख 40 हजार रुपए की लूट की थी, जिसमें से 3 लाख 30 हजार रुपए खर्च कर शेष रकम अमोरा गांव में केले के पेड़ के नीचे दबाकर रखी थी। पुलिस ने पूरी राशि बरामद कर ली है।
जेल में बनी थी दोस्ती
पुलिस के अनुसार आरोपी विक्की पंडित मूलतः बिहार का रहने वाला है और अमोरा गांव में रहता है। जबकि मुकेश सूर्यवंशी नैला का निवासी है। दोनों की मुलाकात जेल में हुई थी और वहीं से दोस्ती पक्की हुई। जेल से छूटने के बाद दोनों लगातार वारदात की योजना बना रहे थे। इससे पहले भी इन्होंने बोडसरा शराब दुकान से ढाई लाख रुपए चोरी की थी।
Read Also- न्यूड पार्टी विवाद से छत्तीसगढ़ की सियासत गरमाई, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बैज ने भाजपा सरकार को घेरा
पुलिस टीम को मिलेगा सम्मान
आईजी और एसपी ने इस बड़ी सफलता के लिए पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। एसपी विजय पांडेय ने कहा कि इतनी जटिल वारदात का एक सप्ताह में खुलासा पुलिस की सतर्कता और टीमवर्क का नतीजा है।




