बिलासपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आयोजित सब इंजीनियर भर्ती परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। यह सनसनीखेज घटना बिलासपुर के सरकंडा क्षेत्र स्थित रामदुलारे शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय परीक्षा केंद्र की है, जहां दो युवतियां अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मदद से परीक्षा में धोखाधड़ी करती पकड़ी गईं।
Read Also- विधायक गुरु खुशवंत साहेब के काफिले पर हमले से सतनामी समाज में आक्रोश: धर्मगुरु बालदास साहेब ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, बोले- यह समाज की अस्मिता पर हमला है
मिली जानकारी के अनुसार, एक युवती परीक्षा केंद्र के बाहर एक ऑटो में बैठी हुई थी और भीतर परीक्षा दे रही अपनी सहेली को रियल टाइम में उत्तर भेज रही थी। नकल की इस चालाक योजना का भंडाफोड़ तब हुआ, जब एक सतर्क ऑटो चालक को युवती की संदिग्ध गतिविधियों पर शक हुआ। उसने तुरंत अपने परिचित एनएसयूआई नेता को सूचना दी। मौके पर नेता और उनके सहयोगियों ने पहुंचकर युवती को धर दबोचा और उसके पास मौजूद लैपटॉप, माइक्रो डिवाइसेस, ईयरप्लग्स, वायरलेस ट्रांसमीटर सहित अन्य हाईटेक गैजेट्स को बरामद किया।
पूछताछ में युवती ने स्वीकार किया कि वह परीक्षा केंद्र के अंदर बैठी अपनी सहेली की मदद कर रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल परीक्षा कक्ष से दूसरी युवती को भी हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों युवतियों के खिलाफ धोखाधड़ी और परीक्षा में अनुचित साधनों के प्रयोग के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
Read Also- स्कूटी पर लगाया बाइक का नंबर, सिग्नल तोड़कर बेगुनाह को फंसाया, एफआईआर दर्ज
स्थानीय लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवतियों के पास से मिले उपकरण और नकल का तरीका साफ देखा जा सकता है।
पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर विशेषज्ञों की मदद से जब्त किए गए उपकरणों की तकनीकी जांच करवा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस नकल रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और क्या यह एक संगठित गिरोह का हिस्सा है।




