बिलासपुर। एसएसपी रजनेश सिंह की सख्ती के बावजूद तखतपुर टीआई अनिल अग्रवाल का विवादों से पीछा नहीं छूट रहा है। इस बार उन पर एक महिला से 30 हजार रुपए लेकर एफआईआर दर्ज करने और आरोपी से 20 हजार रुपए उगाही करने का गंभीर आरोप लगा है। मामला सार्वजनिक होते ही एसएसपी ने उन्हें जमकर फटकार लगाई और लाइन अटैच कर दिया साथ ही पीड़ित महिला को उसके पैसे लौटाने का निर्देश दिया। उनकी जगह तखतपुर टीआई की जिम्मेदारी विवेक पांडेय को सौंपी गई है।
मिली जानकरी के अनुसार, तखतपुर क्षेत्र की महिला ने छेड़खानी और लूटपाट की शिकायत दर्ज कराने थाने का रुख किया। महिला के पति ने आरोप लगाया कि जब वे शिकायत लेकर पहुंचे, तो टीआई अग्रवाल ने एफआईआर दर्ज करने से इन्कार कर दिया। इसके बाद महिला ने एक युवक के माध्यम से संपर्क किया। केस दर्ज कराने के लिए टीआई ने 30 हजार रुपए की मांग की, जिसमें महिला ने एडवांस के तौर पर 10 हजार रुपए दिए।
Read Also- छत्तीसगढ़ में बारिश का अलर्ट: आसमान में छाए बादल, कई जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी
पैसे लेने के बाद टीआई ने केवल छेड़खानी का मामला दर्ज किया और लूटपाट की धाराओं को शामिल नहीं किया। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद, टीआई ने मुचलके पर छोड़ने के लिए आरोपी से 20 हजार रुपए उगाही की। यह मामला सामने आने पर पीड़ित महिला और उनके पति एसपी कार्यालय पहुंचे।
एसएसपी रजनेश सिंह ने तुरंत कार्रवाई करते हुए टीआई अनिल अग्रवाल को लाइन अटैच किया और स्पष्ट निर्देश दिए कि पीड़ित महिला को उसके पैसे लौटाए जाएं। इसके बाद टीआई ने महिला को रुपए लौटाए।
पीड़ित महिला का आरोप है कि आरोपी से भी 20 हजार रुपए लेकर उसे मुचलके पर छोड़ा गया। महिला और उनके पति ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है।
Read Also- रात के अंधेरे में इश्क़ का खेल, पंचायत के सामने खुला राज़, शादीशुदा प्रेमी-प्रेमिका को सुनाया अनोखा फैसला
टीआई अनिल अग्रवाल पहले भी विवादों में रह चुके हैं। वे सिविल लाइन थाने में एसआई के पद पर कार्यरत थे और मिट्टी तेल चोरी करने वालों को थाने में छोड़ने का आरोप झेल चुके हैं। बाद में उनका जिले से तबादला हुआ और निरीक्षक बनने के बाद उन्हें बेलगहना चौकी और कोटा थाने का प्रभार मिला। कोटा थाने में भी उनके ऊपर अवैध वसूली के आरोप लगे, जिस पर एसएसपी ने उन्हें हटाया था।




